पटना , सितंबर 20 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2010 में विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करायी थी और इसी नीति के तहत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।श्री कुशवाहा ने कहा कि पूर्वमुख्यमंत्री श्री कुमार शुरू से कहते रहे हैं कि सरकारी खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। वर्ष 2005 में सत्ता संभालने के बाद श्री नीतीश कुमार ने आपदा प्रबंधन विभाग का गठन कराया, जिससे आपदा से जुड़े सभी कार्यों का बेहतर समन्वय किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए तैयार की गयी मानक संचालन प्रक्रिया में बाढ़ और सुखाड़ से पहले की तैयारियों, राहत एवं बचाव तथा आपदा के बाद की जाने वाली कार्रवाइयों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव मीडिया में चेहरा चमकाने के लिए तथ्यों से परे बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 12 राहत शिविर और 1,260 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। करीब चार लाख पॉलिथीन शीट और 90 हजार से अधिक सूखा राशन के पैकेट वितरित किये जा चुके हैं, जबकि 17 हजार क्विंटल से अधिक पशुचारा भी उपलब्ध कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित