मोतिहारी , अक्टूबर 01 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के गोविन्दगंज और हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांसद राधामोहन सिंह की अगुआई में राहत अभियान शुरू किया है।

गुरुवार को मोतिहारी स्थित गांधी ऑडिटोरियम से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री सिंह ने राहत सामग्री और पेयजल से लदे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है और ऐसी विषम परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।

इसी क्रम में भाजपा की मोतिहारी इकाई भी बाढ़ प्रभावित लोगों तक पेयजल और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए सक्रिय है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जरूरी सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुसार राहत सामग्री और पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी पीड़ित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित