गोपालगंज, जून 16 -- बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा कि बाढ़ नियंत्रण और विकास कार्यों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मंत्री श्री तिवारी ने आज बैकुंठपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में बाढ़ नियंत्रण, सिंचाई परियोजनाओं, आपदा प्रबंधन तथा विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

श्री तिवारी ने बैठक में अधिकारियों से योजनावार प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करते हुए कार्यों में तेजी लाने और जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि मानसून को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तटबंधों की मजबूती, जल निकासी व्यवस्था, राहत सामग्री की उपलब्धता, संवेदनशील स्थलों की पहचान तथा आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे।

श्री तिवारी ने सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के लिए नहरों, जलाशयों एवं संबंधित संरचनाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, आवास एवं अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें। सरकार की मंशा है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर नागरिक को शासन की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिले।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बैकुंठपुर विधानसभा के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है, जिससे योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें और जनता को उसका लाभ मिल सके।

बैठक में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (राजस्व एवं आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित