पटना , सितंबर 18 -- ाज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसके तहत बाढ़ग्रस्त इलाकों में प्रभावित लोगों के बीच अभी तक एक करोड़ 76 लाख 25 हजार थाली सुबह-शाम भोजन का वितरण किया जा चुका है। मौजूदा समय में 706 कम्युनिटी किचन का संचालन किया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार राज्य भर में 10 राहत शिविर का संचालन किया जा रहा हैं जहां 9,866 बाढ़ शारणार्थियों के लिए आवासन, भोजन, चिकित्सा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच अबतक लगभग 4.45 लाख पॉलीथीन शीट, लगभग 87,500 ड्राई राशन पैकेट एवं लगभग 1400 फूड पैकेट का वितरण किया गया है। आबादी निष्क्रमण एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न जिलों में 819 सरकारी नावों का परिचालन कराया जा रहा है। मवेशियों की सुरक्षा में राज्य भर में अबतक कुल 17,881 क्विंटल पशुचारा का वितरण किया गया है।
केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार, डुमरिया घाट पर गंडक, बलतारा एवं कुर्सेला में कोसी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, बेनीबाद में बागमती, खुतौना में भुतही बलान, पटना के गांधीघाट, हाथीदह, भागलपुर एवं कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। विभिन्न नदियों के जलस्तर में हुई इस वृद्धि के कारण राज्य के 15 जिलों पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर , कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा एवं अरवल के 88 प्रखण्डों में 576 ग्राम पंचायतों के अन्तर्गत लगभग 49.72 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है।हालांकि राज्य में कुछ स्थानों पर प्रमुख नदियों के जलस्तर में स्थिरता या फिर गिरावट देखने को भी मिली है। इनमें मुख्य रूप से वीरपुर बराज के पास कोसी और बाल्मीकिनगर बराज के पास गंडक का जलस्तर स्थिर है। वहीं, इंद्रपुरी बराज के पास सोन का पानी घट रहा है। संभावित बाढ़ को ध्यान में रखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए राज्य में एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 09 टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बिहार मौसम सेवा केन्द्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दो दिनों में राज्य के अनेक स्थानों पर बहुत हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति की सतत निगरानी कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित