हाजीपुर, सितंबर 18 -- बिहार के वैशाली जिले में बाढ़ का पानी लगातार घट रहा है तथा बाढ़ की स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की लगातार समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। जलस्तर में कमी के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वर्तमान में जिले के 32 पंचायत, 02 नगर निकाय, 93 गाँव एवं 12 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में कुल प्रभावित आबादी 2,98,800 है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं आवश्यक राहत सामग्री पहुँचाने के लिए वर्तमान में कुल 46 नावों का परिचालन किया जा रहा है। जलस्तर कम होने के बावजूद जहाँ भी आवागमन की आवश्यकता है, वहाँ नावों के माध्यम से लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित