हाजीपुर , सितंबर 09 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने बुधवार को जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत, बचाव, स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले के राघोपुर, हाजीपुर, महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग एवं बिदुपुर सहित कुल छह प्रखंड प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त दो नगर निकाय क्षेत्र भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए वर्तमान में 274 नावों का परिचालन किया जा रहा है। जिले में प्रभावित आबादी लगभग तीन लाख है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में वर्तमान में 34 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त दो राहत शिविर संचालित हैं, जिनमें एक राहत शिविर जीएबी कॉलेज तथा दूसरा गंगा ब्रिज, हाजीपुर में संचालित है।

जिला पदाधिकारी ने कहा किस्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में 22 स्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार 07 नाव एंबुलेंस का भी परिचालन किया जा रहा है। अब तक लगभग 3,000 मरीजों का उपचार किया जा चुका है तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाओं का वितरण लगातार किया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि पशुओं के स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए प्रभावित छह प्रखंडों में 10 पशु चिकित्सा शिविर संचालित हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 800 पशुओं का उपचार किया गया है। पशुओं के लिए लगातार चारा उपलब्ध कराया जा रहा है तथा अब तक लगभग 70,000 किलोग्राम पशु चारा वितरित किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित