पटना , सितम्बर 16 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को बिहार के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।

श्री चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी बिहार पहुंचा है।

केंद्रीय मंत्री हेलीकॉप्टर से दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद हाजीपुर के तेरसिया और सारायपुर पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसल क्षति का जायजा लेंगे तथा किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

श्री चौहान इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित किसानों को उपलब्ध करायी जा रही सहायता की समीक्षा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित