पटना , अक्टूबर 07 -- ाढ़ एवं अत्यधिक वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति का कार्य पटना जिला में मिशन मोड में तेज गति से संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के सभी संबंधित प्रमंडलों के साथ निरंतर समन्वय एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से मरम्मति कार्यों में तेजी लाई जा रही है, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिला अंतर्गत सड़क निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रमंडलों द्वारा कुल 1,103 स्थलों पर सड़कों की मरम्मति के लिए चिन्हित किया गया था, जिनमें से 555 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब तक मरम्मति की जा चुकी सड़कों की कुल लंबाई 105 किलोमीटर से अधिक है। शेष चिन्हित स्थलों पर भी मरम्मति कार्य तेजी से जारी है।
ग्रामीण कार्य विभाग के पटना प्रमंडल के अंतर्गत मरम्मति के लिए चिन्हित 96 स्थलों में से 53 स्थलों पर कार्य पूर्ण हो चुका है। मसौढ़ी प्रमंडल में चिन्हित 18 स्थलों में से 11, दानापुर प्रमंडल में 16 में से 8 तथा पालीगंज प्रमंडल में चिन्हित 73 स्थलों में से 17 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, बाढ़ प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 166 स्थलों में से 6 स्थलों पर कार्य पूर्ण हो गया है तथा शेष स्थलों पर कार्य प्रगति पर है।
इसी प्रकार, पथ निर्माण विभाग के पटना सिटी प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 120 स्थलों में से 109 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूरा कर लिया गया है। पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित सभी 129 स्थलों पर मरम्मति कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, न्यू कैपिटल प्रमंडल के अंतर्गत चिन्हित 355 स्थलों में से 92 स्थलों पर कार्य पूरा किया जा चुका है तथा शेष स्थलों पर मरम्मति कार्य तेजी से चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित