जयपुर , जून 06 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाड़मेर जिले में सेडवा तहसील में भू-अभिलेख निरीक्षक क्षेत्र सारला धनराज को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि श्री धनराज को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया। श्री गुप्ता ने बताया कि एसीबी की बालोतरा इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी की ग्राम बीसासर स्थित जमीन की नेखमबंदी करने की एवज में श्री धनराज द्वारा 32 हजार रुपये की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है, जिसमें वह पूर्व में परिवादी से 12 हजार रुपये ले चुके हैं।

इस पर एसीबी टीम ने श्री धनराज को परिवादी से 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की पुलिस महानिरीक्षक स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित