फगवाड़ा , सितंबर 30 -- पंजाब के फगवाड़ा सदर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के पास पानी की नहर से एक युवक काशव बरामद होने के मामले में पुलिस ने बुधवार को हत्या का मामला दर्ज कर चार लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान जालंधर जिले के कोटली गांव निवासी शाहरुख के रूप में हुई है। पुलिस शिकायत के अनुसार, शाहरुख 24 सितंबर को अपने घर से एक परिचित के साथ बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

शाहरुख के पिता मकसूद दीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पुत्र के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान शौकत अली उर्फ नोनी से भी उसके बारे में पूछताछ की गयी, लेकिन कथित तौर पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सत्ताइस सितंबर की सुबह भकरियां गांव के पास पानी में एक शव बहता दिखाई देने की सूचना मिली। पानी के बहाव के साथ शव माधोपुर की ओर पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे बरामद किया। बाद में शव की पहचान शाहरुख के रूप में हुई।

पुलिस ने मकसूद दीन की शिकायत पर सदर फगवाड़ा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया। मामले में शौकत अली उर्फ नोनी सहित चार लोगों को नामजद किया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। युवक के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों, मौत की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित