हल्द्वानी , जुलाई 16 -- उत्तराखंड सतर्कता विभाग की टीम ने गुरुवार को बाजपुर सिविल कोर्ट के नायब नाजिर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने हेल्पलाइन नंबर पर सतर्कता विभाग से शिकायत दर्ज कराई कि उसके खिलाफ बाजपुर सिविल कोर्ट में एनआई एक्ट के तहत मामला लंबित है। समझौता हो जाने के बाद जब वह राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत की मांग की। यह भी कहा कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता है।

सतर्कता विभाग की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर हल्द्वानी सतर्कता विभाग की ओर से एक टीम का गठन किया गया। टीम ने आज बाजपुर स्थित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय के कार्यालय में छापा मारकर आरोपी ओम चौहान निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित