उमरिया , जून 11 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरवा में गत 24 मई को बाघ के हमले में मृत महिला के परिजनों को कुल 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मृतका फूल बाई पत्नी पहलू पाल के परिवार को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 17 लाख रुपये तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से नियमानुसार 8 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।
बताया गया है कि 24 मई को ग्राम खेरवा में एक बाघ घर में घुस आया था और उसने फूल बाई पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कलेक्टर ने मामले की सतत निगरानी करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक राहत उपायों को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके तहत मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 17 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि स्वीकृत की गई। वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा 8 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जिला प्रशासन ने कहा है कि वन्यजीव-मानव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम तथा प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन और प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित