भरतपुर , जून 28 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर में आयोजित पांचवें 'अंतरराष्ट्रीय बाघ सप्ताह' के दूसरे दिन शनिवार को गैर जिम्मेदार पर्यटन पर रोक लगाने पर जोर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटन को लेकर हुई चर्चा में हाल ही में उच्चतम न्यायालय द्वारा बाघ अभयारण्य में मोबाइल कैमरा के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने एवं बाघों के साथ सेल्फी लेने के दौरान उन्हें परेशान किये जाने के मुद्दे को रेखांकित करते हुए इस तरह के गैर जिम्मेदार पर्यटन पर रोक लगाने पर चर्चा की गयी।
इस अवसर पर पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनोर ने बाघ संरक्षण, इतिहास और शिकार से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान 11 श्रेणियों में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
इसके तहत 'चीफ मिनिस्टर ऑफ द ईयर' का अवार्ड असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा को, पेंच बाघ अभयारण्य में एलीवेटेड रोड निर्माण के लिए 'इनोवेटिव ऑफ द ईयर पर्सन' अवार्ड केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड रवि सिंह को प्रदान किया गया।
राजस्थान के मुख्य वन्यजीव संरक्षक के सी अरूण कुमार को सम्मानित करने के साथ वर्ष का सर्वश्रेष्ठ बाघ अभयाण्य पुरस्कार सिमलीपाल बाघ अभयारण्य को दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित