भरतपुर , मई 13 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में पर्यटक उस समय हैरत में पड़ गए जब उन्होंने आक्रामक भालू के डर से बाघ को भागते हुए देखा।

वन्यजीवन के इस दुर्लभ एवं आश्चर्यजनक नजारे को अपने मोबाइल फोन में कैद करने वाले पर्यटक अब फूले नहीं समा रहे। पर्यटकों की तरफ से बुधवार को सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल किया गया।

इस वीडियो के तथ्यों की पुष्टि करते हुए वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम की पारी में बाघ अभयारण्य के जोन नंबर पांच में टाइगर टी-120 (गणेश) नजर आया। तभी अचानक वहां एक भालू पहुंच गया। आक्रामक रुख अपनाते हुए वह बाघ की तरफ दौड़ा। इससे बाघ घबरा गया और भागने लगा। भालू ने बाघ का करीब 200 मीटर तक पीछा किया।

इस दुर्लभ नजारे को देखने के बाद पर्यटकों ने कहा कि सफारी के दौरान बाघ अभयारण्य में बाघ के दीदार होना महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है लेकिन भालू से डरकर बाघ के भागने का नजारा पर्यटकों को विरले ही नसीब होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित