बैतूल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभातपट्टन विकासखंड के बाघोड़ा गांव स्थित गौशाला में क्षमता से अधिक गोवंश रखे जाने और चारे-पानी की कमी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आंचल पावर ने पुरानी संचालन समिति को हटाकर गौशाला के प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय स्व-सहायता समूह को सौंप दी है।
जानकारी के अनुसार, गौशाला की क्षमता 100 गोवंश की है, जबकि यहां 250 से अधिक गोवंश रखे गए थे। संख्या अधिक होने के कारण चारे और पानी की कमी की स्थिति बनने तथा पशुओं की देखभाल प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई थीं।
ग्रामीण अनिल और मनीष धोटे ने इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे को लिखित शिकायत देकर गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार और संचालन समिति को हटाने की मांग की थी। ग्रामीणों ने सुझाव दिया था कि गौशाला का संचालन महिला स्व-सहायता समूह को सौंपने से चारे-पानी और रखरखाव की व्यवस्था बेहतर हो सकती है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जनपद पंचायत सीईओ ने कार्रवाई की। प्रशासन को उम्मीद है कि नई व्यवस्था में गोवंश के लिए चारे-पानी और स्वास्थ्य देखभाल की सुविधाएं बेहतर होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित