बागेश्वर , नवंबर 07 -- उत्तराखंड के बागेश्वर में पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने साइबर ठगी से मिले 2,30,000 रुपये अपने बैंक खाते में मंगवाकर तत्काल निकाल लिये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 21 अक्टूबर को कोतवाली बागेश्वर को इस संबंध में सूचना मिली। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। निरीक्षक रजत कसाना के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार देर रात को आरोपी लोकेश सिंह बिष्ट निवासी दीप सीएससी सेंटर के पास, तहसील रोड, बागेश्वर (हाल निवासी हल्द्वानी, जनपद नैनीताल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित