बागेश्वर , मई 26 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, यहां ट्रैकिंग के दौरान घायल मिले यूक्रेनी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के जिले में घूमता पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के दूरस्थ डोला गांव में कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों को एक विदेशी नागरिक घायल अवस्था में मिला था। थाना कपकोट पुलिस ने उसे उपचार के लिए कपकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय बागेश्वर रेफर किया गया।

आरोपी ने अपना नाम मक्सिम स्टार चिंको निवासी खार्किव, यूक्रेन बताया। उसने आगे बताया कि वह ट्रैकिंग के लिए आया था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया। वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। उसके पास न तो कोई पासपोर्ट और न ही कोई वीजा था। आरोपी के खिलाफ कपकोट में अप्रवास एवं विदेशी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि विदेशी नागरिक के संबंध में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) में कोई जानकारी नहीं थी और अनिवार्य सूचना भी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस और एलआईयू अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह जिले में कब से रह रहा था और यहां आने का उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित