बागेश्वर , मार्च 30 -- उत्तराखंड में बागेश्वर के कपकोट में सघन जांच अभियान के दौरान कपकोट पुलिस ने जिलेटिन की 104 छड़ों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कपकोट पुलिस की ओर से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शामा चौकी पुलिस टीम ने लीती निवासी पान सिंह की दुकान से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2010-12 में लिती सड़क निर्माण का कार्य ठेकेदार प्रीतम सिंह परिहार एवं महेश खेतवाल द्वारा किया गया। जिलेटिन की छड़ों का इस्तेमाल सड़क निर्माण में विस्फोटक के रूप में किया गया था।
उस दौरान कुछ छड़ें बच गई थी जिन्हे पान सिंह ने अपने पास रख लिया था।
घटना की सूचना पर बीडीएस टीम ने मौके का निरीक्षण कर बरामद सामग्री को विस्फोटक पदार्थ की पुष्टि की। इसके बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी पान सिंह (52) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 05 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद विस्फोटक सामग्री को सील कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित