बागेश्वर , जुलाई 17 -- उत्तराखंड की बागेश्वर पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामले में सात अभियोग दर्ज किए हैं।

बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि भारत सरकार की टिप लाइन (अपराध सूचना हेल्पलाइन) से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर ये मामले दर्ज किए हैं।

टिप लाइन ऐसी अपराध सूचना हेल्पलाइन है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए पुलिस को अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं। इसी माध्यम से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज किए।

उन्होंने बताया कि बच्चों से जुड़ी अश्लील या यौन शोषण संबंधी सामग्री का निर्माण, डाउनलोड करना, अपने पास रखना, फॉरवर्ड करना या सोशल मीडिया पर साझा करना गंभीर दंडनीय अपराध है।

श्री मेहरा ने आगे बताया कि कई बार बच्चे और किशोर अनजाने में दोस्तों के बीच इस तरह की सामग्री साझा कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना भी कानूनन अपराध है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री प्राप्त होती है, तो उसे किसी भी स्थिति में आगे साझा न करें। संबंधित प्लेटफॉर्म पर उसकी रिपोर्ट करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित