बागेश्वर , अक्टूबर 13 -- उत्तराखंड की बागेश्वर पुलिस ने "नशा मुक्त उत्तराखण्ड" अभियान और "ऑपरेशन प्रहार" के तहत कपकोट क्षेत्र में 2.116 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर जनपद में चल रहे जांच अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के पर्यवेक्षण में 13 अक्टूबर को एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कपकोट थाना क्षेत्र में गासी रोड के पास एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। वाहन पर सवार नीरज सिंह कोश्यारी और एक किशोर ने अपने पास चरस होने की बात बताई।

मादक द्रव्य निरोधक अधिनियम (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत राजपत्रित अधिकारी के समक्ष तलाशी ली गई, जिसमें आरोपियों के कब्जे से 2.116 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी नीरज कोश्यारी निवासी ग्राम फरसाली वल्ली, पोस्ट फरसाली, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि किशोर को संरक्षण में लिया गया।

इस संबंध में थाना कपकोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चरस के परिवहन में प्रयुक्त बाइक को मौके पर सीज कर दिया गया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। मुख्य आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में बीएनएस की धारा 115, 118(1), 352 के तहत पहले से एक मामला दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित