बागेश्वर , नवंबर 04 -- उत्तराखंड के बागेश्वर में एक पखवाड़े से अधिक समय से लापता अधिवक्ता धीरेन्द्र परिहार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बागेश्वर पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव भी बरामद कर लिया है।

बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार मेहरा ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 17 अक्टूबर को अधिवक्ता धीरेन्द्र परिहार अचानक लापता हो गए थे। मृतक बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा।

मृतक की मां नन्दी परिहार निवासी तल्ली बाजार, बागनाथ वार्ड, बागेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। पुलिस ने गुमशुदा युवक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सार्वजनिक स्थानों पर फोटोयुक्त पंपलेट चिपकाए और मोबाइल सर्विलांस के जरिए उसके फोन नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया।

जांच में पता चला कि युवक की एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से लगातार बातचीत होती थी और गुमशुदगी वाले दिन उसकी आखिरी बातचीत भी इसी नंबर पर हुई थी। जांच में यह नंबर नुमाईशखेत निवासी लता भंडारी (42) का निकला। पुलिस ने जब उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो नवंबर को मृतक की स्कूटी चिल्ड्रन पार्क नुमाईशखेत के पास खड़ी मिली।

जांच में 19 अक्टूबर की रात संदिग्ध महिला की कार को असामान्य समय पर आते-जाते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने महिला से गहन पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।

एसपी मेहरा के अनुसार महिला ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र अत्यधिक शराब के नशे में उसके घर पहुंचा था। जबरदस्ती करने का विरोध करने पर गुस्से में उसने घर में रखी लोहे की रॉड से उसके सिर पर दो वार कर दिए। इससे मृतक मौके पर ही गिर पड़ा। जब उसे होश नहीं आया तो महिला ने शव को अपनी चारपाई के नीचे छिपा दिया। 18 अक्टूबर की सुबह उसने पूरी घटना कठायतबाड़ा निवासी अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू (39) को बताई। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात दोनों ने शव को कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनाई बैंड के पास से नीचे नदी में फेंक दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर खोज अभियान चलाया। तीन नवंबर की शाम गोमती नदी के पास से मृतक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और कार भी बरामद कर ली।

इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में दर्ज मुकदमे को हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। पुलिस ने लता भंडारी (42) निवासी नुमाईशखेत, बागेश्वर और त्रिभुवन सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित