बागेश्वर , अप्रैल 13 -- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंउ में बागेश्वर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 454 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज एसओजी टीम ने खाईबगड़ पुल तिराहे के पास जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 454 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी नेे अपना नाम महिपाल सिंह (45) बताया और वह थाना कपकोट के तोली गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर थाना कपकोट में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 08/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
श्री मेहरा के अनुसार "ऑपरेशन प्रहार" के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित