बागेश्वर , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के बागेश्वर में गुरुवार को स्वास्थ्य महकमा और जिला प्रशासन की टीम की ओर से अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 03 को सीज कर दिया गया है जबकि भारी मात्रा में जुर्माना भी वसूला गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित मिश्रा के नेतृत्व में आज शहर के विभिन्न पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मां भगवती लैब, शिवम पैथोलॉजी लैब और कालिका लैब में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट), अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी), प्रदूषण नियंत्रण और क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत से पंजीकरण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले।

बताया जा रहा है कि ब्लड जांच रिपोर्टों में पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर भी नहीं पाये गये, जो नियमों का सरासर उल्लंघन है।

इन खामियों के चलते स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत तीनों लैब को सीज कर दिया गया। साथ ही पृथक पृथक ढ़ाई ढ़ाई लाख का जुर्माना भी लगाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित