कोलकाता , सितंबर 13 -- मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर बाबा) से जुड़े विवाद को लेकर रविवार को कोलकाता के भवानीपुर पुलिस थाने के बाहर विपक्षी कांग्रेस और सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई जिसके चलते इलाके में काफी देर तक अराजकता और तनाव की स्थिति बनी रही।
बागेश्वर बाबा से संबंधित मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी और प्रदीप प्रसाद को पूछताछ के लिए भवानीपुर थाने बुलाया था। दोनों नेताओं के थाने पहुंचते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां एकत्र हो गए और बाहर नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान भाजपा समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथावाचक का पुतला और तस्वीरें जलाकर हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि यह पूरी कार्रवाई उनकी पार्टी के खिलाफ रची गई एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।
उल्लेखनीय है कि श्री शास्त्री ने हाल ही में दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल में मांसाहारी भोजन के सेवन और पूजा पंडालों के पास मांस-मछली की बिक्री को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर नवरात्र के दौरान ऐसा करने वालों को "पाखंडी" करार दिया था। उनकी इस टिप्पणी के बाद पश्चिम बंगाल में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और कई समूहों ने इसे बंगाल की महान संस्कृति पर हमला बताया। कोलकाता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका था।
इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बाबा का पुतला और तस्वीरें जलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने अतनु दास नाम के एक कांग्रेस कार्यकर्ता को गिरफ्तार भी किया था।
इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी और प्रदीप प्रसाद को पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। इससे पहले शनिवार रात राज्य संगठन में हुए फेरबदल के दौरान प्रदीप प्रसाद को दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस के पद से हटा दिया गया था, जिससे पार्टी के एक धड़े में पहले से ही असंतोष था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित