पटना , फ़रवरी 08 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव यादव ने रविवार को कहा कि बागवानी महोत्सव का आयोजन केवल प्रदर्शनी या विक्रय का मंच न रहकर नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसान-समृद्धि का सशक्त संगम बना है। कृषि मंत्री श्री यादव ने आज गाँधी मैदान, पटना में आयोजित तीन दिवसीय बागवानी महोत्सव के समापन अवसर पर कहा कि यह आयोजन केवल प्रदर्शनी या विक्रय का मंच न रहकर नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसान-समृद्धि का सशक्त संगम बना।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और सीखने की प्रवृत्ति ने बिहार की बागवानी के उज्ज्वल भविष्य को स्पष्ट किया है।

श्री यादव ने कहा कि आज जिन कृषक भाई-बहनों को उत्कृष्ट बागवानी उत्पादों के लिए सम्मानित किया गया है, वे सभी पूरे राज्य के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में लगभग 1500 किसानों की सहभागिता, शहद, मखाना, रोपण सामग्री एवं शहरी कृषि उत्पादों की सफल बिक्री ने गुणवत्ता और बाजार की मजबूत संभावनाओं को सिद्ध किया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बागवानी को आय-वृद्धि, रोजगार और ग्रामीण उद्यमिता का आधार बनाने के लिए उत्पादन से विपणन तक पूरी वैल्यू-चेन पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मधु और मखाना जैसे विशिष्ट क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय महोत्सव में लगभग 20 लाख रूपये का कारोबार हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित