बागपत , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के थाना अमीनगर सराय क्षेत्र में करीब तीन साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा।
घायल को उपचार के लिए पिलाना सीएचसी भेजा गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक सुकन्या शर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित राजा अली अपने एक साथी के साथ हिसावदा-बिलोचपुरा नहर पटरी के पास मोटरसाइकिल से किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक स्नेह प्रकाश की बुलेट प्रूफ जैकट में लगी। जवाबी फायरिंग में राजा अली के दोनों पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपित को उपचार के लिए पिलाना सीएचसी भेजा।
राजा अली मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला है और कोतवाली बागपत का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पहचान बदलकर वह करीब तीन वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था। वर्तमान में आरोपित मोहल्ला हातिम सराय थाना नखासा जनपद सम्भल में रह रहा था। आरोपित के खिलाफ न्यायालय में पेश नहीं होने पर गैर जमानती वारंट में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फरार साथी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित