बागपत , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने गुरुवार को एक प्रेस कांफ्रेस में बताया कि एक सितम्बर को साइबर क्राइम थाने पर एक महिला ने तहरीर दी थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने स्वयं को बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर उसकी एक्सिस बैंक इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यू कराने और बोनस दिलाने के नाम पर 2,87,984 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए थे। पैसे बीमा कंपनी में न जाकर साइबर फ्रॉड में चले गए। इस पर थाना साइबर क्राइम पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य एक्सिस मैक्स लाइफ, एचडीएफसी लाइफ , आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, एसबीआई लाइफ, टाटा एआईए , बजाज लाइफ जैसी कंपनियों के अधिकारी बनकर उन लोगों को कॉल करते थे जिनकी पॉलिसी लैप्स हो गई थी। पॉलिसी रिन्यू और बोनस का लालच देकर चार्ज/फीस/टैक्स के नाम पर पैसे ठगते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शुभम निवासी सेक्टर 12 विजय नगर गाजियाबाद, तरुण सिंह निवासी मीनाक्षीपुरम मेरठ, सुमित, गौतम, उमंग, निशान्त, प्रियांशु और सुमित निवासी गाजियाबाद शामिल हैं।
श्री राय ने बताया कि जांच में पता चला कि एनसीआरपी पोर्टल पर इनके खिलाफ 14 राज्यों में 51 शिकायतें दर्ज हैं और ये करीब 1.20 करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं। इनके खातों में करोड़ों का लेन-देन मिला है, जिन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है। डेटा उपलब्ध कराने वालों को वांछित किया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 01 स्कॉर्पियो, 01 यामाहा बाइक, 16 मोबाइल फोन, 07 डेबिट कार्ड, 04 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 15 सिम लिफाफे, सोने की 2 चेन, 7 बालियां, 2 अंगूठी, चांदी के जेवरात और 19,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने साइबर क्राइम टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। उन्होंने बताया कि सभी अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित