बागपत , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी नरेशनाथ को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। नरेश नाथ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ़्तारी के समय वह कोलकाता में भिक्षुक बनकर घूम रहा था।
दरअसल, यह मामला चांदीनगर थाना क्षेत्र के अंकित और इसरार की हत्या से जुड़ा है। दोनों 25 जुलाई को अपने घर से लापता हो गए थे। इसके बाद 13 अगस्त को उनके शव गणेश मंदिर में एक गड्ढे में दबे मिले थे। जांच में सामने आया कि महंत नरेश नाथ ने अपने दो शिष्यों के साथ मिलकर उनकी हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार, हत्या से पहले अंकित और इसरार को नशीली चाय पिलाई गई थी। इसके बाद उन्हें नशीले इंजेक्शन देकर गड्डा खोदकर दबा दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में नरेश नाथ के दो शिष्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
नरेशनाथ घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस तभी से उसकी तलाश यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में कर रही थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह कोलकाता में भिक्षुक बनकर घूम रहा है। इसके बाद बागपत पुलिस की टीम ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि नरेश नाथ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे लेकर बागपत आ रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित