बागपत , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत मिलावट रोकने के लिए जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जिले भर में छापेमारी की। इस दौरान 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर नष्ट कराया गया, जबकि 8 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
सहायक आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में टीम ने पिलाना के पास मेरठ से दिल्ली जा रहे कैंटर को रोका। इसमें अस्वच्छ हालत में ले जाया जा रहा 410 किलो मावा मिला। टीम ने 5 सैंपल लिए और 1.23 लाख का मावा मौके पर नष्ट करा दिया।
इसके अलावा, ग्राम मुजफ्फरपुर पोइस में मावा भट्टी पर 45 किलो मावा और बड़ौत में हरियाणा फ्रेश पनीर भंडार व गुराना रोड स्थित गोदाम से 65 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सभी सैंपल लैब भेजे गए हैं, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी। टीम में एफएसओ यज्ञ दत्त आर्य व निधि रानी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित