बागपत , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव गुरुवार सुबह नगर के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज परिसर में लहूलुहान हालत में मिला। शरीर के ऊपरी हिस्से के कपड़े गायब थे। दोनों हाथ पट्टियों से बंधे थे। सिर, चेहरे, छाती और कमर पर चोट के गहरे निशान थे। मुंह से खून भी बह रहा था।

पुलिस ने बताया कि मॉर्निंग वॉक पर निकले एक शिक्षक ने शव की शिनाख्त बावली गांव निवासी संयम (30) के रूप में की गयी है। बताया गया कि संयम दो दिन पहले हरिद्वार घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। तभी से उसका मोबाईल नंबर स्विच ऑफ जा रहा था।

मृतक के ताऊ बिजेंद्र ने बताया कि संयम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बड़ौत कोतवाली पुलिस डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम को लेकर मौके पर पहुंची। शरीर पर चोट के कई निशान थे। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से सीसीटीवी रिकॉर्ड मांगे हैं। परिजनों ने बताया कि संयम मंगलवार को हरिद्वार जाने की बात कहकर दोस्तों के साथ सुबह घर से निकला था। पर शाम से ही उसका नंबर स्विच ऑफ बताने लगा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित