बागपत , जून 8 -- उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को एक कॉलोनी स्थित खाली प्लॉट में मिला। मृतक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या का कारण अवैध संबंध हो सकता है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। घटना के सफल अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सहजान (22) रविवार रात करीब 10 बजे तक बाजार में देखा गया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और सुबह तक घर नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि मृतक शांत स्वभाव का था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो आरोपी मृतक के शव को रिक्शे में ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित