बागपत , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के दिल्ली शामली सहारनपुर रेलवे मार्ग पर अहेड़ा गांव के पास मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी की कपलिंग टूट गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इससे दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह मालगाड़ी दिल्ली से चंडीगढ़ जा रही थी। कपलिंग टूटने के बाद कई यात्री ट्रेनों को घंटों तक अलग अलग रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिसकी वजह से शामली सहारनपुर से दिल्ली और दिल्ली से सहारनपुर तक जाने वाले रेल यात्रियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी सतेंद्र पंवार, डॉ जे एस शर्मा आदि ने बताया कि ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने के बाद अन्य पैसेंजर ट्रेनें भी देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद मालगाड़ी की टूटी हुई कपलिंग को ठीक किया गया और दोनों हिस्सों को फिर से जोड़ा गया। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद मालगाड़ी अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई और इसके बाद ही रेलवे ट्रैक पर दोनों ओर की ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित