बागपत , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में बागपत की साइबर अपराध पुलिस ने एक महिला ठग समेत सात साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर लोन के आकर्षक ऑफर देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। गिरफ्तार आरोपियों ने देश भर में करीब पांच हजार से अधिक लोगों को ठगा है और करोड़ों रुपये ऐंठे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह पिछले 10 वर्षों से सक्रिय था और देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर ठगी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मेरठ निवासी नदीम, अतीक, शाहरुख और शौकीन तथा हरियाणा से मतीन और गाजियाबाद से अभिषेक के साथ एक महिला को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 45,250 रुपये नकद, दो गाड़ियां, एक प्रिंटर, एक लेमिनेशन मशीन, एक लैपटॉप और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में शिकायतें दर्ज हैं। यह गिरोह पहले सोशल मीडिया पर विज्ञापन साझा करता था, जिसे लोग पसंद करते थे। लोन दिलाने के नाम पर वे आवेदकों से 4,000 से 15,000 रुपये तक की 'प्रोसेसिंग फीस' मांगते थे। फीस मिलने के बाद वे आवेदक का नंबर बंद कर देते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित