बागपत , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के पुरा महादेव गांव स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर श्रावण मास में महाशिवरात्रि पर प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक मेला अगले माह आठ से 11 अगस्त तक संपन्न होगा। इस मेले में काफी संख्या में श्रद्धालु कावड़िया हरिद्वार एवं विभिन्न स्थानों से पैदल पवित्र गंगाजल लेकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं।
कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अस्मिता लाल व पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों व मेला समिति के साथ बैठक की और मेले को कुशलपूर्वक संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को जीरो बेस्ट महोत्सव के रूप में फोकस किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी प्लास्टिक नहीं दिखनी चाहिए। दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा होनी चाहिए। कावड़ यात्रा के दौरान रोड पर कही भी मांस मीट आदि की दुकान खुली नहीं होनी चाहिए। कम से कम हाइट के ही डीजे कावड़ यात्रा में लाये जाए। जिलाधिकारी ने कहा, कावड़ यात्रा से संबंधित किसी भी शिवभक्त को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। कावड़ मार्ग पर विद्युत पोलों पर पन्नी लगी हो। विद्युत ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाये। मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था अवश्य रहें।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया की पानी के टैंक, मोबाइल टॉयलेट मेला परिसर में लगे हो। उन्होंने साफ सफाई के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा, इस कावड़ यात्रा व श्रावण मास की महाशिवरात्रि को जीरो बेस्ट महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। संबंधित अधिकारी अपना योगदान दें और टीम भावना से कार्य करें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह,अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान, एसडीएम खेकड़ा मनीष कुमार यादव, एसडीएम बागपत ज्योति शर्मा, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अतुल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र, अधीक्षण अभियंता विद्युत समेत पुरा महादेव मंदिर मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित