बागपत , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में संभावित बरसात एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उपजिलाधिकारी बड़ौत ज्योति शर्मा ने बताया कि ग्राम गल्हेता में हिंडन नदी का कुछ जल स्तर बढ़ रहा है। वर्तमान में नदी के समीप स्थित खेतों में पानी भरने की सूचना प्राप्त हुई है, जबकि अन्य किसी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति की क्षति की सूचना नहीं है और गांव के लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।

तहसील खेकड़ा के ग्राम सर्फाबाद में हिंडन नदी में पानी का स्तर थोड़ा बढ़ा है परंतु नदी अपने भंडार क्षेत्र में ही बह रही है।

एसडीएम ने बताया कि ग्रामवासियों को सूचित कर दिया गया है कि वे नदी के निकट न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। हिंडन नदी किनारे स्थित तहसील बागपत के ग्राम पुरा, हरियाखेड़ा, बालैनी, डोलचा, घाटोली, मुकारी एवं हरसिया में प्रशासन द्वारा निगरानी एवं अलर्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इन गांवों में लोगों को संभावित बाढ़ की स्थिति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि यमुना नदी के जलस्तर पर भी प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। जनपद में स्थापित 11 बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है, जो नियमित रूप से अपने उच्च अधिकारियों को स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। वर्तमान में यमुना नदी का जलस्तर सामान्य है। सिंचाई विभाग ने 24 घंटे अपना कंट्रोल रूम भी प्रारंभ कर दिया है जिसका मोबाइल नंबर 8439753575 है।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी के निकट अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित