बागपत , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के थाना खेकड़ा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह के निर्देशन में जनपद में ट्रांसफार्मर एवं ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। थाना पुलिस ने बताया कि, शुक्रवार देर रात करीब दो बजे खेकड़ा-बड़ागांव रोड पर मुबारिकपुर तिराहा के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुबारिकपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी जल्दबाजी में उनकी बाइक फिसल कर गिर गई, तभी दोनों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शाहिद पुत्र अली अहमद निवासी पट्टी अहिरान खेकड़ा और इमरान उर्फ चीज पुत्र बाबू निवासी गोना, थाना चांदीनगर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शाहिद थाना खेकड़ा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ थाना खेकड़ा और जनपद गाजियाबाद में पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और चोरी का एक इन्वर्टर, एक झटका मशीन व एक सैंटल मशीन बरामद हुई है। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित