बागपत , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में 25 जुलाई से लापता दो दोस्तों के शव गुरुवार तड़के लहचौड़ा गांव स्थित एक मंदिर परिसर से बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए मंदिर से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मंदिर का महंत फरार बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिगोली तगा गांव निवासी इसरार और दिव्यांग अंकित 25 जुलाई को मोटरसाइकिल से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को लहचौड़ा-रटौल मार्ग स्थित गणेश मंदिर के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने मंदिर के महंत नरेश नाथ से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार मिला। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार रात मंदिर परिसर में खुदाई कराई गई। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे खुदाई के दौरान दोनों युवकों के शव बरामद हुए। शव मिलने की सूचना पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार महंत की तलाश की जा रही है तथा हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
मामले की जांच के बाद ही दोनों युवकों की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित