बागपत , मार्च 20 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से अपर जिलाधिकारी सहित 10 लोग बीमार हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, अपर जिलाधिकारी शिवनारायण ने व्रत के दौरान कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाई थी, जिसके बाद उन्हें और उनके रसोइये को उल्टी और चक्कर की शिकायत होने लगी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

जिला अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, जिले के अन्य क्षेत्रों से भी इसी प्रकार के लक्षणों के साथ मरीजों को भर्ती कराया गया है। सभी का उपचार जारी है। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सक्रिय होकर विभिन्न दुकानों पर छापेमारी शुरू की और कुट्टू के आटे के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित