बागपत , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को किराए के कमरे में सिपाही का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुभाष (62) निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है, जो बागपत पुलिस लाइन में तैनात था और डेढ़ माह बाद रिटायर होने वाला था।
बताया गया कि सुभाष शहर कोतवाली क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। मंगलवार को कमरे में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि सिपाही चार साल से बागपत पुलिस लाइन में था, इससे पहले मेरठ में तैनात था। परिजनों को सूचना दे दी गई है। कोतवाल मनोज चाहल ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित