बागपत , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों के लिए होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के परीक्षा केंद्रों को तीन जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके लिए 521 अधिकारियों और शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,080 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक, कक्ष निरीक्षक तथा सहयोगी कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। इसके अलावा 40 कक्ष निरीक्षकों को आरक्षित श्रेणी में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और केंद्रों के आसपास निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के लिए तीनों एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 14 केंद्र व्यवस्थापक, 28 सहायक केंद्र व्यवस्थापक, 28 परीक्षा सहायक, 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 420 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और शिक्षकों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित