बागपत , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के खेकड़ा कस्बे के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक जवान की मौत हो गई।
अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हापुड़ जनपद के जमालपुर गांव निवासी अरुण पुत्र सत्येंद्र दिल्ली पुलिस में तैनात थे। आज सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही वह खेकड़ा खेल स्टेडियम के निकट ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अरुण गंभीर की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें खेकड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित