बागपत , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में बंदरों के बढ़ते प्रकोप से परेशान लोगों को राहत देते हुये जिला प्रशासन ने बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गये कि बंदर पकड़ने के लिए एजेंसी का टेंडर शीघ्र कराया जाए, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस क्षेत्र से बंदरों के आतंक की सूचना मिले, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि बंदरों के प्रकोप से परेशान नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को सूचना दे सकते हैं। शहरी क्षेत्र के लोग अपने नगर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को और ग्रामीण क्षेत्र के लोग संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), जिला पंचायत राज अधिकारी, डीएफओ एवं रेंजर को सूचना देंगे। सूचना मिलते ही टीम भेजकर बंदरों को पकड़वाया जाएगा।

वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए बंदरों को आबादी से दूर वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में एसपी पूर्णेन्दु सिंह, एडीएम न्यायिक देवेंद्र कुमार पांडेय, डीएफओ विनोद कुमार, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडे, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, समस्त एसडीएम, समस्त ईओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित