बागपत , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के ट्योढ़ी गांव के अमन कुमार को संयुक्त राष्ट्र की प्रतिष्ठित संस्था यूनिसेफ ने भारत की शीर्ष युवा सलाहकार परिषद यंग पीपल्स एक्शन टीम में शामिल करते हुए यूनिसेफ-युवा मंच का राष्ट्रीय सलाहकार नियुक्त किया है।
यूनिसेफ हाउस, नई दिल्ली की वरिष्ठ अधिकारी नम्रता गोगोई द्वारा जारी सूचना के अनुसार देश भर से आए छह हजार से अधिक आवेदनों में कड़े मूल्यांकन और साक्षात्कार के बाद उत्तर प्रदेश से अमन का चयन किया गया है।
यह मंच संयुक्त राष्ट्र महासचिव के वैश्विक अभियान 'जनरेशन अनलिमिटेड' का भारतीय स्वरूप है। इस भूमिका में अमन अब नई दिल्ली में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, कौशल विकास मंत्रालय, श्रम मंत्रालय, कॉर्पोरेट जगत और यूएन एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकों में शामिल होकर देश की राष्ट्रीय युवा नीतियों का खाका तैयार करेंगे।
बागपत में साइकिल पर अखबार बांटने और फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले अमन ने गांव के युवाओं में सूचना के अभाव को सबसे बड़ी गरीबी माना। इसी सोच से उन्होंने माय भारत के सहयोग से उड़ान यूथ क्लब और कॉन्टेस्ट 360 प्लेटफॉर्म बनाया, जिसने देश के 88 लाख से अधिक युवाओं को अवसरों से जोड़ा। इसके अलावा बागपत जिला प्रशासन के साथ सूचना सेतु, स्वीप बागपत और कांवड़ यात्रा ऐप जैसे नवाचार भी शुरू किए। वर्तमान में अमन इग्नू से समाज कार्य की पढ़ाई कर रहे हैं और माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हैं।
अमन ने कहा, "आपकी शुरुआत चाहे जहां से हो, आपकी उड़ान की कोई सीमा नहीं। मेरी कोशिश रहेगी कि गांव के अंतिम पायदान पर खड़े युवा की आवाज राष्ट्रीय नीतियों में गूंजे।"अमन की इस उपलब्धि पर जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा सहित पूरे जनपद में हर्ष है। अमन इससे पूर्व विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार, यूनिसेफ का मोस्ट वैल्यूएबल यू-रिपोर्टर और यूनेस्को की रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय पहचान सहित कई सम्मान पा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित