जयपुर , मई 01 -- राजस्थान में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने शुक्रवार को यहां स्व-गणना के माध्यम से 'जनगणना 2027' की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया।

श्री बागडे के लोक भवन में स्व-गणना के माध्यम से इसका शुभारंभ के साथ ही राज्य भर में जनगणना गतिविधियों का पहला चरण शुरू हो गया है। इस अवसर पर उन्होंने जनगणना में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और स्व-गणना के माध्यम से सटीक और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपील की।

श्री बागडे ने आम जन से जनगणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेने और स्व-गणना के माध्यम से सटीक और पूर्ण जानकारी प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना वेब पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, जिससे नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपना विवरण भर सकेंगे। उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अन्य लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने में सहायता करें ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

राज्यपाल ने कहा कि जनगणना-2027' के पवित्र कार्य में आम जन का सहयोग ही राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में उनकी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि गणनाकर्मियों का स्वागत करें। सही जानकारी दें। कोई भी संदेह हो तो हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित