जयपुर , फरवरी 15 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने रविवार को महाशिवरात्रि पर प्रज्ञा प्रवाह एवं युवा साथी संगठन द्वारा आयोजित "शिवोऽहम्' कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान शिव को स्मरण करते हुए सभी के मंगल की प्रार्थना की।

श्री बागडे ने इस दौरान भगवान शिव का अभिषेक करते हुए पूजा अर्चना की। बाद में उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव का पावन पर्व है। शिव कल्याण और मंगल से जुड़े हैं। उनका स्मरण ही हमें सर्व कल्याण और शुभ के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने भगवान शिव से राष्ट्र की समृद्धि और संपन्नता के साथ सबकी खुशहाली की कामना की।

राज्यपाल ने महाशिवरात्रि को भगवान शिव की साधना से जुड़ा पर्व बताते हुए कहा कि यह ध्यान, समर्पण और आंतरिक जागृति से जुड़ी हमारी संस्कृति का पावन उत्सव है। उन्होंने कहा कि शिव की अर्चना का अर्थ है, सबके कल्याण की कामना। उन्होंने कार्यक्रम में शिव पूजा संग वहां आयोजित अनुष्ठान में भी भाग लियाा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित