जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे सहित कई नेताओं ने जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर श्री बागडे ने भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के मार्ग से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान महावीर ने प्रेम, दया और करूणा के जिस मार्ग का संदेश दिया उस पर चलते हुए सभी को आदर्श एवं समरस समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

श्री शर्मा ने शांति, त्याग और संयम के प्रतीक भगवान महावीर की जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सब को मिलकर उनके 'अहिंसा परमो धर्म' और 'जियो और जीने दो' के संदेश को आत्मसात कर एक बेहतर समाज का निर्माण करना चाहिए।

श्री देवनानी ने कहा कि महावीर स्वामीजी का सत्य, अहिंसा एवं करूणा का अमृत संदेश विश्व बंधुत्व एवं मानव कल्याण का परम् मार्ग है।

श्री गहलोत ने कहा कि भगवान महावीर का सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह का संदेश वर्तमान की वैश्विक समस्याओं का हल है। जियो और जीने दो का सिद्धांत आज हिंसाग्रस्त विश्व का पथ प्रदर्शक होना चाहिए। उनका दिखाया मार्ग हमें नैतिक मूल्यों तथा करुणा की भावना को सशक्त बनाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। श्रीमती राजे ने कहा कि जैन धर्म के महान तीर्थंकर, प्रभु महावीर स्वामी ने सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, करुणा और क्षमा के माध्यम से मानवता को एक उच्च आदर्श मार्ग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि उनका तप, त्याग और उपदेश आज भी पूरे विश्व को शांति, संयम और सद्भाव की दिशा में प्रेरित करते हैं।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा,नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित प्रदेश के अन्य कई नेताओं ने भगवान महावीर जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित