जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं कई नेताओं ने प्रसिद़ध फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री बागडे ने कहा कि नाना पाटेकर केवल अभिनेता ही नहीं थे। वह समाज को जागरूक करने, राष्ट्र प्रेम जगाने से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्व थे। उन्होंने कहा कि अभिनेता, लेखक और निर्देशक के तौर पर उनका निधन हिंदी और मराठी फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्री शर्मा ने कहा कि हिंदी एवं मराठी सिनेमा के महान अभिनेता, पद्म श्री से सम्मानित नाना पाटेकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वह एक कर्मठ अभिनेता के साथ ही अप्रतिम राष्ट्रभक्त भी थे। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने भारतीय प्रादेशिक सेना में मानद कैप्टन के रूप में अपनी सेवा दी। उनका जाना भारतीय कला जगत और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सशक्त अभिनय, प्रखर व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थाना की।
श्री देवनानी ने प्रख्यात अभिनेता, रंगमंच के सशक्त कलाकार एवं संवेदनशील समाजसेवी 'पद्म श्री' नाना पाटेकर का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति है। अपने विलक्षण अभिनय और दमदार संवादों से उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनके यादगार किरदार और आवाज़ हमेशा हमारी स्मृतियों में जीवित रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों और प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसी तरह श्री गहलोत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली, भाजपा के महामंत्री एवं पंजाब-जम्मू कश्मीर के भाजपा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने श्री पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित