जयपुर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। इसी तरह श्री शर्मा ने श्री डूडी के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि श्री डूडी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवारजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

श्री देवनानी ने कहा कि श्री डूडी विधानसभा के सदन में किसान हित के मुद्दों को प्रमुखता से उठते थे। वे जमीन से जुड़े नेता थे। पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक और सांसद के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। वह कुशल जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने दिवंगतआत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।

श्री गहलात ने कहा कि श्री डूडी का निधन बेहद दुखद है। करीब 2 साल तक बीमार रहने के बाद इतनी अल्पायु में उनका जाना हमेशा खलता रहेगा। यह मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर एक आघात है। श्री रामेश्वर डूडी ने अपनी हर भूमिका का निर्वहन अच्छे से किया। वो मेरे साथ सांसद, विधायक और हमारे नेता प्रतिपक्ष रहे। किसान वर्ग के लिए वो हमेशा काम करते रहे। उन्होंने कहा "मुझे याद है कि दौरा पड़ने से कुछ दिन पूर्व ही वो मेरे से मिलने आए थे और हमारे बीच लम्बी बातचीत हुई थी। हमने उनके इलाज के लिए बेहतर से बेहतर प्रबंध किए। एक सक्रिय जीवन जीने वाले डूडी जी का ऐसे बीमार होना हम सबके मन को कचोटता था।" उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना की।

श्रीमती राजे ने कहा कि श्री डूडी के निधन का समाचार दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों व समर्थकों को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्री डोटासरा ने कहा कि किसान नेता रामेश्वर डूडी के निधन की ख़बर अत्यंत दु:खद है। उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अस्वस्थ डूडी जी का निधन समाज, राजस्थान की राजनीति और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वह एक सच्चे किसान हितैषी थे, जिनके संघर्ष से प्रदेश में किसानों के कर्ज माफ हुए। उन्होंने सामाजिक एवं जन सेवा में रहते सदैव आमजन और दलित-पिछड़ों की आवाज़ को बुलंद किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं दु:ख की मुश्किल घड़ी में शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं ने श्री डूडी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित