पटना , अगस्त 06 -- बिहार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के 22 हजार से अधिक पदों पर बहाली का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है, जिससे आंगनबाड़ी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
श्रीमती गुप्ता आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुईं और इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुँचे फरियादियों की समस्याएँ गंभीरतापूर्वक सुनने के साथ उनके विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय अंजुम आरा भी उपस्थित थीं।
जनसुनवाई के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री डॉ. गुप्ता ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि अधिकांश लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों के जीवन प्रमाणीकरण में तकनीकी अथवा अन्य कारणों से समस्या आने के कारण राशि का हस्तांतरण प्रभावित हुआ है, उनके मामलों की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक मामले का सत्यापन कर सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में शीघ्र राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित