महोबा , फ़रवरी 25 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के पनवाड़ी क्षेत्र मे बुधवार को एक बाईक और ट्रेक्टर की आमने - सामने हुयी जोरदार भिड़ंत मे मोटर साईकिल सवार एक युवक की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उप अधीक्षक रविकान्त गौड़ ने बताया की महुआ इटोरा गाँव निवासी तीन दोस्त 24 वर्षीय बिपिन, अजय और अमित सिंह राजपूत एक बाईक मे सवार होकर जा रहे थे। तभी एन एच 39 झांसी - मिर्ज़ापुर राष्ट्रीय राजमार्ग मे पेट्रोल पम्प के पास सामने से तेज रफ्तार मे आ रहे एक ट्रेक्टर से उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गयी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार तीनो युवक उछल कर दूर गिरे. सड़क पर गुजर रहे लोगो ने तब घटना की सूचना पुलिस को दीं। आनन फ़ानन मे मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने युवकों को उठा कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। लेकिन बाईक चला रहे बिपिन की मोके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस उप अधीक्षक ने बताया की बाईक सवार घायल युवकों अमित व अजय को पनवाड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देख डॉक्टरो ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रिफ़र कर दिया। पुलिस ने मृतक बिपिन के शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित